
जयपुर। भाजपा मुख्यालय पर सातों मोर्चों की कार्ययोजना को लेकर शुक्रवार को हुई संयुक्त योजना बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि इस देश में भ्रष्टाचार, बरोजगारी और जातिवाद सहित तमाम तरह की समस्याओं की जनक है कांग्रेस। कांग्रेस पार्टी इस देश में एक किस्म का अभिशाप हैं, जिसने 70 वर्षों तक देश की तरक्की को रोका।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस मुक्त नारे की बात चलती है तो कांग्रेसी नाराज होते हैं। यह सही है कि लोकतंत्र में दल रहें, विचार रहें, नीतियां रहें, लेकिन इस नारे के पीछे भी एक बुनियाद हैं। लेकिन 70 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में किसी दल ने किसी देश के साथ सबसे ज्यादा अत्याचार, अनाचार और अन्याय किया तो वह कांग्रेस थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब किसान, नौजवान, बेरोजगारी की बात करते हैं तो मुझे कई बार ऐसा लगता है कि कि कांग्रेस के लोग नौकरी लगाकर गए हों और हमने हटा दिए हों।
उन्होंने कहा कि आजकल किसान आंदोलन की चर्चा ज्यादा होती है। कांग्रेस एक कानून बता दें कि जिसमें किसानों का कल्याण हुआ हो। लेकिन असलियत यह है क्रेडिट कार्ड से लेकर किसान कानून तक कांग्रेस का पिटारा खाली है। आज भाजपा कार्यकर्ता सीना चौड़ा करके कह सकता है कि किसानों के लिए किसी पार्टी ने काम किया तो वह भाजपा है। पांच सत्रों में होने वाली बैठक में उप चुनाव, कांग्रेस सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलनों और पदाधिकारियों के कार्य विभाजन को लेकर चर्चा होगी।
