एक्शन-सस्पेंस के बीच पीएम मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, नए चेहरों के साथ 77 का मंत्रिमंडल, बड़े फेरबदल

देश की आजादी के बाद शायद यह पहला केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार था जो एक्शन और सस्पेंस भरा हुआ था | कोरोना महामारी से बिगड़े हेल्थ सिस्टम के बाद दुनिया भर में केंद्र सरकार की हुई फजीहत, डगमगाती अर्थव्यवस्था, बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार इसके साथ सात महीनों के अंदर होने वाले पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रिपरिषद में बुधवार को विस्तार और फेरबदल किया गया | इसमें 36 नये चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि 7 राज्यमंत्रियों को पदोन्नत कर मंत्रिमंडल में शामिल किया गया | आठ नये चेहरों को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है | राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक समारोह में मंत्रिपरिषद में शामिल किए गये सभी 43 सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई | पीएम मोदी के अलावा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद थे |

 

प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करने के बाद मोदी ने पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार किया है | शपथ लेने वाले 43 मंत्रियों में 30 लोकसभा और 11 राज्यसभा के सदस्य हैं। असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष एल मुरुगन 2 ऐसे मंत्री हैं, जो फिलहाल संसद के किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। इस मंत्रिपरिषद विस्तार में कुल 15 कैबिनेट और 28 राज्य मंत्री बनाए गये हैं |

नये चेहरे जो कैबिनेट मंत्री बने –

कैबिनेट मंत्री के रूप में महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणे, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री व मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद वीरेंद्र कुमार, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य राम चंद्र प्रसाद सिंह, ओडिशा से भाजपा के राज्यसभा सदस्य अश्विनी वैष्णव, भाजपा महासचिव व राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य भूपेंद्र यादव और लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने शपथ ली |

इनका हुआ प्रोमोशन –

किरेन रिजिजू, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी और मनसुख भाई मांडविया ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की | इन चारों नेताओं को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) से पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है | जिन राज्यमंत्रियों को पदोन्नत कर सीधे कैबिनेट मंत्री बनाया गया उनमें पुरुषोत्तम रूपाला, जी किशन रेड्डी और अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हैं |

कुल 77 सदस्य, औसत उम्र 58 साल-

नयी मंत्रिपरिषद की औसत आयु 61 वर्ष से घटकर 58 वर्ष हो गयी है | मंत्रिपरिषद में निषिथ प्रमाणिक (35 वर्ष) सबसे कम उम्र के मंत्री हैं। सबसे अधिक आयु के सदस्य सोम प्रकाश हैं, जो 72 वर्ष के हैं | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नयी मंत्रिपरिषद में 77 सदस्य हैं |

इनकी हो गई छुट्टी –

एक्शन-सस्पेंस के बीच कुछ बड़े मंत्रियों का अचानक हटाए जाना सियासत के महारथियों को भी आश्चर्य में डाल गया | इनमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, महिला बाल विकास मंत्री देबोश्री चौधरी, उर्वरक और रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा, श्रम राज्य मंत्री संतोष गंगवार, शिक्षा राज्य मंत्री संजय धोत्रे, बाबुल सुप्रियो, प्रताप सारंगी और रतन लाल कटारिया को इस्तीफा देना पड़ा. गौरतलब है कि केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत ने मंगलवार को ही इस्तीफा दे दिया था | थावरचंद को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया | इस प्रकार प्रधानमंत्री ने 12 केंद्रीय मंत्रियों का सफाया कर दिया ||

Disclaimer: This post was created with our nice and easy submission form; The views expressed in this article are based on the authors experience, research and thoughts. It is not necessary that The Harishchandra agrees with it. Only the author is responsible for all claims or objections related to this article. Create your post!

We are a non-profit organization, please Support us to keep our journalism pressure free. With your financial support, we can work more effectively and independently.
₹20
₹200
₹2400
Keshav Jha
नमस्कार, मै केशव झा, स्वतंत्र पत्रकार और लेखक आपसे गुजारिश करता हु कि हमें पढ़ें, शेयर करें, इसके अलावा इसे और बेहतर करने के लिए, सुझाव दें। इस खबर, लेख में विचार मेरे अपने है। मेरा उदेश्य आप तक सच पहुंचाना है। द हरीशचंद्र पर मेरी सभी सेवाएँ निशुल्क है। धन्यवाद।